रुद्रप्रयाग में प्रेमी संग भागी नाबालिग लड़की, शादी करके सोशल मीडिया पर डाली तस्वीरें। अब पुलिस कर रही कानूनी कार्यवाही

कई बार बच्चों में जागरूकता और समझ न होने के कारण कम उम्र में विवाह के मामले अक्सर सामने आते हैं। कई मामलों में तो किशोर और किशोरी बिना किसी को बताए खुद ही शादी कर लेते हैं।अब रुद्रप्रयाग जिले के जखोली से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। जहां एक 19 साल के लड़के ने 13 साल की लड़की को भगाकर शादी कर ली। इसका पता तब चला जब दोनों ने शादी की फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी। सोशल मीडिया पर फोटो देखते ही परिजनों के होश उड़ गए। वहीं, पूरा मामला अब रुद्रप्रयाग पुलिस के पास पहुंच गया है।जानकारी के मुताबिक, बीते 3 फरवरी को जखोली के 19 साल के लड़का दूसरे गांव की 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली 13 साल की लड़की को भगाकर अपने साथ ले गया। जिसके बाद दोनों ने शादी रचा ली। बताया जा रहा है कि प्रेमी ने शादी की फोटो सोशल मीडिया पर भी डाल दी। जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया। उधर, लड़की के परिजनों ने 6 फरवरी को क्षेत्रीय पटवारी को मामले को लेकर शिकायत दी। वहीं, पटवारी ने 7 फरवरी को जिलाधिकारी सौरभ गहरवार से मामले को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरण करने की मांग की। जिसके बाद शुक्रवार 9 फरवरी को मामला रेगुलर पुलिस रुद्रप्रयाग के पास आया। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया। वहीं, पुलिस लड़की को लड़के के पास से वापस ले आई है। अब लड़की का मेडिकल कराया जा रहा है। इसके अलावा लड़के को पुलिस ने हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि नाबालिग बच्ची और आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा। जिसके बाद कोर्ट के आदेश पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *