जिलाधिकारी ने दिये मानक संचालन प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश

 

 

 

जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में आबकारी विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभाग की कार्यप्रणाली, राजस्व वसूली, अनुज्ञापनों की स्थिति, निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई, ओवररेटिंग तथा अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर विस्तृत समीक्षा की गयी।

 

जिलाधिकारी ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व वसूली विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए इसकी नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने प्राप्त राजस्व, जमा एवं अवशेष राजस्व तथा प्रवर्तन कार्रवाई की भी समीक्षा की। उन्होंने पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार एवं रिखणीखाल की मदिरा दुकानों से संबंधित प्रतिभूति प्रस्तुत करने तथा पूर्व में जमा प्रतिभूति के विस्तार की स्थिति जांचने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को विभागीय कार्यप्रणाली, राजस्व वसूली एवं प्रवर्तन कार्रवाई की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों में तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में सामने आया कि कई मामलों में चालानी कार्रवाई कर अर्थदंड अधिरोपित किया गया है, लेकिन संबंधित मामलों में अर्थदंड की वसूली अभी तक नहीं की गई। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित अर्थदंड की तत्काल वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्रवाई के बाद वसूली लंबित नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने लंबित मामलों की नियमित निगरानी करते हुए 25 सितंबर तक शत प्रतिशत वसूली करते हुए प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

जिलाधिकारी ने आबकारी दुकानों के निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की समीक्षा करते हुए ओवररेटिंग के मामलों पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों का नियमित निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार छापेमारी बढ़ाने को कहा। ओवररेटिंग की शिकायतों की गंभीरता से जांच करने तथा पुष्टि होने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी एफ आर चौहान को उपजिलाधिकारियों के माध्यम से भी दुकानों का निरीक्षण कराने को कहा।

 

अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में निगरानी एवं छापेमारी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने अनधिकृत रूप से शराब की बिक्री करने वालों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।

 

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, जिला आबकारी अधिकारी तपन पांडेय सहित आबकारी विभाग के सभी निरीक्षक उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *