सद्भावना महिला मंगलदल वॉलीबॉल समिति एवं युवा विकास समिति, मल्लाखोला के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित द्वितीय सद्भावना महिला मंगलदल वॉलीबॉल प्रतियोगिता–2026 का समापन उत्साह एवं खेल भावना के साथ हुआ। 10 से 12 नवंबर तक जनता इंटर कॉलेज, चैड़ चैनपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 17 टीमों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला पिछले वर्ष की विजेता टीम तलाई और सिरवाणा के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सिरवाणा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तलाई को पांच सेटों के मुकाबले में सीधे 3-0 से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹25,000 की नकद धनराशि एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता टीम को ₹15,000 की नकद धनराशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त मैन ऑफ द सीरीज को ₹2,100 की नकद धनराशि एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण महिला समूहों एवं महिला मंगल दलों के लिए आयोजित थड़िया-चौफला गीतों का विशेष मंच रहा। इसके माध्यम से क्षेत्र की लोकसंस्कृति, पारंपरिक लोकगीतों और सांस्कृतिक विरासत को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया।
समापन अवसर पर सद्भावना महिला मंगलदल वॉलीबॉल समिति के अध्यक्ष यशवंत कंडारी ने प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सहयोगियों, आयोजकों, जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों और खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से क्षेत्र में खेल और स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हुआ।