मंदिर परिसर, व्यू प्वाइंट, विद्यालय और न्यू बस अड्डे के आसपास की गयी सफाई, विद्यार्थियों को कचरा पृथक्करण की जानकारी

 

 

 

‘स्वच्छता ही सेवा–2026’ एवं ‘सेवा संकल्प अभियान–2026’ के तहत नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कंडोलिया मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र, नगर के विभिन्न व्यू प्वाइंट तथा न्यू बस अड्डे के आसपास विशेष सफाई कर कूड़ा-कचरा एवं प्लास्टिक अपशिष्ट हटाया गया। स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की गयी।

 

अभियान के तहत विद्यालयों में भी स्वच्छता एवं जनजागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों और युवाओं को चार-तरफा कचरा पृथक्करण के बारे में जानकारी देते हुए गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक तथा सैनिटरी/विशेष कचरे को अलग-अलग रखने और उचित निस्तारण के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया तथा स्वच्छता की शपथ दिलायी गयी।

 

इसी क्रम में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत न्यू बस अड्डे के समीप भी सामूहिक रूप से सफाई अभियान चलाया गया। इसमें नगर पालिका अध्यक्ष, वार्ड सदस्य, अधिशासी अधिकारी सहित अन्य लोगों ने सहभागिता की। इस दौरान आसपास के क्षेत्र की सफाई के साथ लोगों को कूड़े का उचित निस्तारण करने और नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।

 

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि नगर पालिका की ओर से अभियान के तहत सार्वजनिक एवं पर्यटक स्थलों की नियमित सफाई के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पालिका ने नागरिकों से अपील की है कि वे कूड़ा खुले में न डालें और उसे डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहन को दें।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *