जनपद पौड़ी गढ़वाल में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के सहयोग से आज तहसील धुमाकोट के विकासखंड नैनीडांडा में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष परीक्षण एवं चिन्हीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत किया गया।
शिविर में 92 वरिष्ठ नागरिकों को 526 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। वहीं, 16 दिव्यांगजनों को 20 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया। इस प्रकार शिविर में कुल 108 लाभार्थियों को 546 सहायक उपकरणों के लिए चयनित किया गया।
शिविर में पात्र लाभार्थियों की आवश्यकतानुसार सहायक उपकरणों के लिए चिन्हीकरण एवं पंजीकरण किया गया। चयनित लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुसार बाद में उपकरण निशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया ने बताया कि शिविर का लाभ लेने के लिए दिव्यांगजनों को आधार कार्ड, न्यूनतम 40 प्रतिशत दिव्यांगता प्रमाण पत्र तथा निर्धारित आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होता है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए आधार कार्ड एवं निर्धारित आय प्रमाण पत्र आवश्यक है। लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेजों की दो-दो छायाप्रतियां तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाने होते हैं। उन्होंने पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया।
शिविर में ब्लॉक प्रमुख नैनीडांडा प्रकीर्ण नेगी, जिला पंचायत सदस्य मुन्नी ध्यानी, कनिष्ठ प्रमुख राजेंद्र पटवाल, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद्र पांडेय, प्रधान संघ अध्यक्ष मनोज मधवाल, सहायक सांख्यिकी अधिकारी पंकज कुमार यादव, सहायक समाज कल्याण अधिकारी मनीष गुसाईं सहित एलिम्को की टीम उपस्थित रही।