विश्व शौचालय दिवस एवं सार्वभौमिक बाल दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शनिवार को सेंट थेरेसा कॉन्वेंट स्कूल, श्रीनगर में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विद्यार्थियों को स्वच्छता, बाल अधिकारों, बाल संरक्षण कानूनों, नशे के दुष्प्रभावों और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। शिविर की अध्यक्षता प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने की।
सिविल जज ने व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, शौचालयों के उचित उपयोग तथा विद्यालय एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की जानकारी देते हुए कहा कि स्वच्छता अच्छे स्वास्थ्य और गरिमापूर्ण जीवन का आधार है। बाल अधिकारों के संबंध में उन्होंने शिक्षा, समानता, सुरक्षा एवं संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बाल श्रम, बाल विवाह और बाल तस्करी जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया। साथ ही पॉक्सो अधिनियम, 2012 और किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के प्रमुख प्रावधानों तथा सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के बारे में बताते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही साइबर सुरक्षा के तहत साइबर बुलिंग, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, अनजान लिंक एवं व्यक्तियों से सतर्क रहने और इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग करने की जानकारी दी गई। इस दौरान विधिक सहायता एवं परामर्श के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) की टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 से भी अवगत कराया गया।
रिटेनर अधिवक्ता ने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए ‘बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण हेतु विधिक सेवाएं योजना, 2015’ के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इसके तहत जरूरतमंद एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता और कानूनी परामर्श उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही संकटग्रस्त बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की जानकारी दी।
कार्यक्रम में विद्यालय की उप प्रधानाचार्या रेव. सिस्टर स्मिता, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अधिकार मित्र प्रियंका रॉय तथा अन्य उपस्थित रहे।