संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट और विकास भवन में शपथ कार्यक्रम, जिले के सभी विद्यालयों में भी मनाया गया दिवस

 

 

 

 

संविधान दिवस पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से संविधान के आदर्शों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की शपथ दिलाई।

 

अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार प्रदान करने के साथ सभी को समान अवसर सुनिश्चित करने की भावना रखता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान में निहित आदर्शों को अपने कार्य व्यवहार में अपनाने तथा जनसेवा में पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया।

 

सहायक निदेशक अभियोजन जावेद अहमद ने संविधान के विभिन्न प्रावधानों और उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम की उपयोगिता बताई। उन्होंने समान नागरिक संहिता, डिजिटल सुविधाओं के विस्तार और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था जैसे विषयों पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल भावना के अनुरूप समानता, न्याय और भाईचारे को बढ़ावा देना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

 

वहीं विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कार्मिकों से संविधान में निहित मूल्यों, आदर्शों और मूल कर्तव्यों को आत्मसात करते हुए अपने कार्यों में निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही बनाए रखने का आह्वान किया। इसके अलावा जनपद के सभी विद्यालयों में भी संविधान दिवस मनाया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों को संविधान की महत्ता, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों की जानकारी दी गई तथा उन्हें संविधान के प्रति सम्मान और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस अवसर पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी अजीत रावत एवं कुसुम तड़ियाल, अपर समाज कल्याण अधिकारी अनिल सेमवाल, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गणेश ममगाईं, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी हेमंत काला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *