दिव्यांग बच्चों की पहचान, उनकी शिक्षा, निदान एवं पुनर्वास के साथ-साथ विशेष शिक्षा और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में करियर की संभावनाओं को लेकर आज कोटद्वार स्थित आरोमा वेडिंग पॉइंट, निकट दुर्गापुर में करियर काउंसलिंग एवं शिक्षक-विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत एक परिचयात्मक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में स्पेशल डी.एड. एवं स्पेशल बी.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-अध्यापकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम का आयोजन आदर्श ज्ञान भारती पर्यावरण एवं प्रबंधन समिति, कोटद्वार (उत्तराखंड) एवं एक्शन फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस एंड डेवलपमेंट (AHEAD), मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं सर्वोदय विचारक डॉ. सुरेंद्र लाल आर्य ने की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एलआरएस स्पेशल डी.एड. कॉलेज, मुरादाबाद के संस्थाध्यक्ष श्री कृष्ण कुमार उपस्थित रहे। एमकेवीएन स्कूल के डायरेक्टर श्री मयंक कोठारी एवं डॉ. सुरेंद्र लाल आर्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विशेष शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि मानवता, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा महत्वपूर्ण क्षेत्र है। उन्होंने विद्यार्थियों से दिव्यांग बच्चों के प्रति संवेदनशीलता, समर्पण एवं सेवाभाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
श्री कृष्ण कुमार ने विशेष शिक्षा के क्षेत्र में रोजगार एवं समाजसेवा की व्यापक संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्पेशल डी.एड. पाठ्यक्रम के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की पहचान, उनकी शैक्षिक आवश्यकताओं तथा उनके समुचित विकास एवं पुनर्वास में प्रशिक्षित विशेष शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जानकारी दी।
उच्च शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. जितेंद्र सिंह, डिग्री कॉलेज कोटद्वार एवं डॉ. दिवाकर बौद्ध ने विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने पीएचडी, यूजीसी-नेट सहित उच्च शिक्षा एवं शोध के विभिन्न अवसरों और संभावनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने शैक्षिक भविष्य के प्रति जागरूक एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, स्वरोजगार एवं डिजिटल सेवाओं के संबंध में A2Z डिजिटल सेवा केंद्र के डायरेक्टर एडवोकेट जीवन कुमार उर्फ जोनी एवं उनकी टीम ने प्रोजेक्टर के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म, सीएससी सेंटर तथा A2Z डिजिटल सेवा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल सेवाओं के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित करने तथा आत्मनिर्भर बनने के अवसरों से अवगत कराया।
कार्यशाला में विशेष शिक्षा, उच्च शिक्षा एवं स्वरोजगार से संबंधित विभिन्न विषयों पर संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने अपनी जिज्ञासाएं एवं प्रश्न रखे। वक्ताओं ने उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए भविष्य में उपलब्ध शैक्षिक एवं व्यावसायिक अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम का संयुक्त संचालन श्री सूरज सिंह, मैनेजर, आदर्श ज्ञान भारती पर्यावरण एवं प्रबंधन समिति तथा श्रीमती गीता सिंह ने किया। कार्यक्रम में भारतीय देवी एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से श्रीमती रिन्नी लखेड़ा एवं श्रीमती हेमा जदली सहित स्पेशल डी.एड. एवं स्पेशल बी.एड. प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर श्री निमेष आर्य, कुमारी शिक्षा आर्य, श्री विनय भारती, श्रीमती गीता सिंह, कुमारी मोनिका चौधरी, एडवोकेट हिमांशी, कुमारी आरती भास्कर, श्री संदीप कुमार एवं कार्यक्रम संयोजक श्री प्रमोद कुमार चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
अंत में कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र लाल आर्य ने सभी अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यशाला का समापन किया।
कार्यक्रम संयोजन: प्रमोद कुमार चौधरी
आयोजक: आदर्श ज्ञान भारती पर्यावरण एवं प्रबंधन समिति, कोटद्वार एवं AHEAD, मुरादाबाद।