शरदोत्सव फुटबॉल प्रतियोगिता में वार्ड-03 की शानदार जीत, वार्ड-09 ने रोमांचक मुकाबले में पेनाल्टी शूटआउट से मारी बाजी

 

 

 

जिला प्रशासन तथा नगर पालिका पौड़ी के तत्वावधान में आयोजित शरदोत्सव के अंतर्गत वार्डवार फुटबॉल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिन के पहले मुकाबले में वार्ड संख्या 03 ने वार्ड संख्या 06 को 7-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। वहीं दूसरे मुकाबले में वार्ड संख्या 09 ने बेहद रोमांचक पेनाल्टी शूटआउट में वार्ड संख्या 05 को 13-12 से शिकस्त दी।

 

दूसरे दिन के पहले मैच का शुभारंभ नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने किया। मुकाबले में वार्ड संख्या 03 की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाते हुए वार्ड संख्या 06 पर दबाव बनाए रखा और सात गोल दागकर शानदार जीत हासिल की।

 

वहीं दिन का दूसरा मुकाबला वार्ड संख्या 09 और 05 के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला और निर्धारित समय तक मुकाबला 3-3 गोल की बराबरी पर रहा। इसके बाद पेनाल्टी शूटआउट से मैच का निर्णय हुआ, जिसमें वार्ड संख्या 09 ने 13-12 से जीत दर्ज कर अगले चरण में जगह बनाई। इस मुकाबले का शुभारंभ पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह राणा ने किया। प्रतियोगिता में वार्डों की टीमों के बीच बढ़ती प्रतिस्पर्धा से खेल के प्रति युवाओं का उत्साह भी देखने को मिल रहा है।

 

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, सभासदों एवं पालिका कार्मिकों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *