विधानसभा निर्वाचक नामावली के 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण(रेशनलाइजेशन) एवं पुनर्निर्धारण के संबंध में अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में छतरीधार स्थित ईवीएम वेयारहॉउस परिसर मे समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बीएलओ द्वारा मतदेय स्थलों के स्थलीय सत्यापन के उपरांत संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त मतदेय स्थलों के संशोधन एवं भवन परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने अवगत कराया कि मतदेय स्थलों से संबंधित प्रस्ताव आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं। इन प्रस्तावों को अनुमोदन हेतु मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड के कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत ही मतदेय स्थलों में आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। इसके साथ ही मतदेय स्थलों की सूची समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी साझा की जाएगी। मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं संशोधन संबंधी प्रस्तावों की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के अंतर्गत पूर्ण की जाएगी।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, नोडल अधिकारी राजनैतिक दल मास्टर आदर्श, भारतीय जनता पार्टी के प्रतिनिधि क्रांतिकिशोर व राजेंद्र रावत, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि भरत सिंह रावत, सीपीआईएम के प्रतिनिधि आयुष कुमार आदि मौजूद थे।