विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने अपने नींबूचौड़ स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के पंजीकृत श्रमिकों को अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन के सहयोग से श्रमिक कल्याण किट वितरित की। इस अवसर पर लगभग 180 श्रमिकों को किट वितरित की गई, जबकि लगभग 70 श्रमिकों ने 44 प्रकार की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ प्राप्त किया।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन कर रही है। उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के माध्यम से पंजीकृत श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रमिक प्रदेश के विकास की आधारशिला हैं और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण की जिम्मेदारी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। 44 प्रकार की स्वास्थ्य जांच जैसी पहल से श्रमिकों को समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान और उचित उपचार का अवसर मिलता है। उन्होंने श्रमिकों से सरकार द्वारा संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का भी आह्वान किया।
ऋतु खण्डूडी भूषण ने अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा श्रमिक हित में किए जा रहे इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाजसेवी संस्थाओं की भागीदारी से जनसेवा के कार्य और अधिक प्रभावी बनते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण एवं अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी फाउंडेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किट वितरण और स्वास्थ्य जांच जैसे कार्यक्रम उनके लिए अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी सिद्ध हो रहे हैं।