बाल विकास परियोजना जयहरीखाल के अंतर्गत आज आंगनवाड़ी केंद्र जयहरी में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत दो नवजात कन्याओं के जन्म पर कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया तथा नवजात बेटियों के स्वागत के साथ समाज में बेटी के सम्मान और समान अधिकारों का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर सुपरवाइजर विनीता सजवाण ने उपस्थित महिलाओं, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 0-6 वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं देखभाल से संबंधित योजनाओं के बारे में जागरुक करते हुए कहा कि बेटियों को शिक्षा, पोषण और सुरक्षा प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्याओं को उपहार स्वरूप बेबी किट भी प्रदान की गयी। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं एवं अभिभावकों ने इस पहल की सराहना करते हुए बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सांख्यिकीय सहायक राधेश्याम, आंगनवाड़ी कार्यकत्री मीना असवाल, आंगनवाड़ी सहायिका रिंकी देवी तथा अनसेविका ममता देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।