गुलदार के लगातार हमलों से कोटड़ीढांग–ग्रास्टनगंज में दहशत, जनहानि से पहले ठोस कार्रवाई जरूरी— पूर्व कैबिनेट मंत्री

 

 

कोटड़ीढांग से ग्रास्टनगंज तक क्षेत्र में गुलदार द्वारा लगातार किए जा रहे हमलों और आबादी के आसपास उसकी बढ़ती गतिविधियों से लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। आए दिन सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए अब क्षेत्रवासियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।

इसी बीच सड़क पर टहल रहे श्री राम सिंह चौहान पर गुलदार द्वारा हमला कर घायल किए जाने की सूचना मिलते ही पूर्व कैबिनेट मंत्री माननीय श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी तत्काल बेस अस्पताल कोटद्वार पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती राम सिंह चौहान से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। श्री नेगी जी ने चिकित्सकों से उन्हें बेहतर एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने को कहा और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

श्री नेगी जी ने कहा क्षेत्र में लगातार गुलदार के हमले सामने आ रहे हैं, इसलिए इसे अत्यंत गंभीरता से लेने की आवश्यकता है। इससे पहले भी श्रीमती रीना अधिकारी पर गुलदार हमला कर चुका है, सुशीला देवी की बछिया को अपना शिकार बनाया गया तथा विक्की चौहान पर हमले का प्रयास किया गया। वहीं आज सुबह प्राथमिक विद्यालय/जूनियर हाईस्कूल के आसपास भी गुलदार दिखाई देने की सूचना सामने आई। शिक्षकों द्वारा शोर मचाने पर गुलदार वहां से भागा, लेकिन इसी दौरान एक गाय पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया। स्कूल और आबादी के आसपास लगातार गुलदार की मौजूदगी ने बच्चों और अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है। इन लगातार घटनाओं को देखते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने संबंधित वन विभाग एवं अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर क्षेत्र में तत्काल गश्त एवं निगरानी बढ़ाने तथा गुलदार को पकड़ने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी बड़ी जनहानि का इंतजार नहीं किया जा सकता। श्री नेगी जी ने कहा कि एक पिंजरा लगाकर या महज औपचारिक गश्त से इस समस्या का समाधान नहीं होगा। कोटड़ीढांग से ग्रास्टनगंज तक जिस बड़े क्षेत्र में लगातार गुलदार की गतिविधियां और हमले सामने आ रहे हैं, वहां व्यापक अभियान चलाने की जरूरत है।

उन्होंने शासन-प्रशासन और वन विभाग से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पिंजरे एवं कैमरा ट्रैप लगाए जाएं, संवेदनशील स्थानों पर दिन-रात गश्त बढ़ाई जाए तथा वन विभाग की विशेषज्ञ टीमों को सक्रिय किया जाए, ताकि गुलदार को जल्द पकड़ा जा सके और किसी भी प्रकार की जनहानि को रोका जा सके।

श्री सुरेन्द्र सिंह नेगी जी ने कहा कि जनता की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए पूरी गंभीरता के साथ तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुरक्षा के इस गंभीर विषय पर वह लगातार अधिकारियों के संपर्क में रहेंगे और जब तक आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित नहीं होती, तब तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *