डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग का एसडीआरएफ-एनडीआरएफ ने किया संयुक्त निरीक्षण

श्रीनगर क्षेत्र के अंतर्गत डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग का एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के संयुक्त दल द्वारा विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं, प्रवेश एवं निकासी मार्गों, आपातकालीन बचाव व्यवस्थाओं तथा संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों का आकलन किया गया।

 

संयुक्त दल ने सुरंग के भीतर जाकर विभिन्न सुरक्षा बिंदुओं का निरीक्षण किया और भविष्य में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक रणनीतियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने सुरंग में कार्यरत कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के अनुपालन, आपदा के समय त्वरित प्रतिक्रिया तथा समन्वित राहत कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

 

निरीक्षण के दौरान रेलवे अधिकारियों द्वारा दल को सुरंग की संरचना, सुरक्षा उपकरणों, निकासी मार्गों एवं उपलब्ध आपदा प्रबंधन संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी गयी। इसके उपरांत एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के दल ने पूरे सुरंग क्षेत्र का भ्रमण कर संवेदनशील स्थलों को चिन्हित किया तथा संभावित जोखिम वाले बिंदुओं का आकलन किया।

 

एसडीआरएफ निरीक्षक मंजरी नेगी ने बताया कि संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य डूंगरीपंथ रेलवे सुरंग की सुरक्षा व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना तथा किसी भी आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित राहत-बचाव सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक तैयारियों को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ द्वारा समय-समय पर ऐसे संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाया जाता है।

 

इस अवसर पर एनडीआरएफ के उप निरीक्षक नाजिम हुसैन सहित एसडीआरएफ, एनडीआरएफ एवं रेलवे विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *