युवा कल्याण विभाग की ओर से विकसित भारत युवा नेतृत्व कार्यक्रम के तहत जलवायु परिवर्तन विषय पर आयोजित जनपद स्तरीय प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में श्रेया पुरोहित ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छह प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। ये प्रतिभागी तीन-तीन सदस्यों की दो टीमों के रूप में राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि डॉ. बीजीआर परिसर पौड़ी में आयोजित प्रतियोगिता के लिए मूल्यांकन के आधार पर 25 प्रतिभागियों का चयन किया गया था, जिसमें 13 प्रतिभागियों ने प्रस्तुतीकरण प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। इसमें श्रेया पुरोहित ने प्रथम, ऋषिराज रावत ने द्वितीय, अक्षत बडोनी ने तृतीय, अदिति गुसाईं ने चतुर्थ, प्रज्ज्वल बिष्ट ने पंचम और शिल्पी गुसाईं ने षष्ठम स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर निदेशक यूसी गैरोला, नोडल अधिकारी डॉ. राकेश नेगी, भूगोल विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. सपना, प्रवक्ता संगीता वाल्मीकि, रविंद्र रौतेला सहित अन्य उपस्थित थे।