पौड़ी में आयोजित गोष्ठी में महिला किसानों ने साझा किए कृषि कार्यों के अनुभव

 

 

अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड पौड़ी के सभागार में महिला किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पौड़ी, कोट, पाबौ और खिर्सू विकासखंडों की 82 प्रगतिशील महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला किसानों को कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही कृषि क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने महिला किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कृषि की विभिन्न गतिविधियों को आपस में जोड़कर किसान अपनी आय बढ़ाने की दिशा में बेहतर प्रयास कर सकते हैं।

 

मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने महिला कृषकों का स्वागत करते हुए कृषि विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाएं खेती-किसानी में अपनी मेहनत और अनुभव के बल पर परिवार की आजीविका को मजबूत करने के साथ ही कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि कार्यों को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

 

कार्यक्रम में प्रगतिशील महिला कृषक सुषमा देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता देवी, माहेश्वरी देवी, चंपा देवी और बीना देवी ने अपने कृषि कार्यों से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने खेती के दौरान अपनाई जा रही तकनीकों और अपने अनुभवों के बारे में अन्य महिला कृषकों को जानकारी दी।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित भी किया गया।

 

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, उप परियोजना निदेशक आत्मा रवि कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी और कृषक उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *