पशुपालन विभाग की ओर से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल कार्यालय में प्रथम अलकनंदा–भागीरथी अन्तर्जनपदीय मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह, खेल भावना और आपसी सौहार्द के साथ किया गया। प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल एवं टिहरी गढ़वाल के 14 पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया। दोनों जनपदों के प्रतिभागियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता को रोमांचक बनाया।
प्रतियोगिता के पुरुष एकल वर्ग में डॉ. भूपेंद्र बिष्ट ने प्रथम तथा डॉ. सुरेश चंद ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। महिला एकल वर्ग में डॉ. प्रीति गौतम प्रथम तथा डॉ. एकता बिष्ट द्वितीय स्थान पर रहीं। जनपद स्तरीय मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने टिहरी गढ़वाल को 3-2 से पराजित कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने जीत-हार से आगे बढ़कर खेल भावना, मित्रता और टीम भावना का परिचय दिया। अपर निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने बताया कि इस आयोजन ने दोनों जनपदों के पशु चिकित्साधिकारियों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द को और मजबूत करने का अवसर प्रदान किया।
इस अवसर पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा, संयुक्त निदेशक रोग निदान प्रयोगशाला श्रीनगर डॉ. अशोक रेड्डी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।