मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने शनिवार को विकासखंड जयहरीखाल, रिखणीखाल एवं नैनीडांडा क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, प्रसव एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, कार्मिकों की उपस्थिति तथा निर्माण कार्यों की प्रगति का जायज़ा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने इमरजेंसी कक्ष, लेबर रूम, आपातकालीन सेवाओं तथा रिखणीखाल स्थित बीपीएचयू का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शल्य चिकित्सा में उपयोग होने वाले उपकरणों को प्रतिदिन स्टेरलाइज करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धुमाकोट में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने को कहा।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने स्वास्थ्य संस्थानों में स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं हर समय सुचारु रहें और जरूरतमंद मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। प्रसव केंद्रों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर भी उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण अभियान में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी एएनएम को परिवार नियोजन सेवाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरुकता गतिविधियां संचालित करने को कहा। रिखणीखाल में उन्होंने एक प्रसूता से संवाद कर अस्पताल में उपलब्ध करायी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। प्रसूता ने अस्पताल में मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
सीएमओ ने औषधि भंडारों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा डेंगू, मलेरिया, वायरल फीवर सहित अन्य मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाएं सुचारु एवं व्यवस्थित रहने से आमजन को सुगम, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सौरभ बौंठियाल, जिला कंसलटेंट (एनसीडी) श्वेता गुसाईं, कनिष्ठ अभियंता (आयुष), कनिष्ठ सहायक अंकित भट्ट, विकास नेगी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।