वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में जनपद में पुलिस टीमों द्वारा चलाये जा रहे जनजागरूकता कार्यक्रमों के क्रम में थाना पैठाणी पुलिस टीम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज हिवालीधार में तथा थाना सतपुली पुलिस द्वारा नवोदय विद्यालय खैरासैंड में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को मोबाइल फोन एवं सोशल मीडिया का सुरक्षित और जिम्मेदाराना उपयोग करने के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग, OTP, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा सोशल मीडिया का उपयोग सोच-समझकर करें। वर्तमान समय में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी कॉल, साइबर ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल ठगी के तरीकों से भी अवगत कराया गया। इसके अतिरिक्त बाल अपराध एवं बाल सुरक्षा के विषय में बच्चों को उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच, बाल संरक्षण, बाल श्रम, बाल विवाह तथा बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया। महिला सुरक्षा के संबंध में छात्राओं को महिलाओं के कानूनी अधिकारों, साइबर उत्पीड़न, छेड़छाड़ एवं अन्य अपराधों से के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 1090,चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी देकर किसी भी समस्या की स्थिति में निडर होकर पुलिस से संपर्क करने का संदेश दिया गया।