कचरा पृथक्करण और डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण को लेकर नागरिकों को किया जागरूक

 

 

 

स्वच्छता ही सेवा-2026 एवं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पौड़ी द्वारा नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरुकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत न्यू विकास कॉलोनी, सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशन परिसर सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ ही आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

 

अभियान के दौरान वार्ड संख्या-05 स्थित न्यू विकास कॉलोनी में चिन्हित क्लीनलीनेस टारगेट यूनिट की विशेष सफाई की गयी। वहीं नगर के विभिन्न सार्वजनिक शौचालयों की गहन सफाई एवं धुलाई कर उन्हें स्वच्छ एवं उपयोग योग्य बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। बस स्टेशन परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई एवं कूड़ा उठान की कार्रवाई करते हुए यात्रियों, दुकानदारों एवं स्थानीय नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

 

इस दौरान नागरिकों को चार श्रेणियों में कचरा पृथक्करण के बारे में जानकारी देते हुए गीले कचरे, सूखे कचरे, घरेलू हानिकारक/विशेष कचरे तथा सैनिटरी कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही, घरों से निकलने वाले कचरे को निर्धारित श्रेणी के अनुसार नगर पालिका की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था के माध्यम से ही देने की अपील की गई। नागरिकों से खुले में कूड़ा न डालने तथा अपने घर और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सहयोग देने का भी आह्वान किया गया।

 

अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने कहा कि स्वच्छता को स्थायी रूप देने के लिए सफाई व्यवस्था के साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण में सहयोग और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखने से पौड़ी को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *