केंद्रीय विद्यालय किशनपुर, कोटद्वार में आज डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब द्वारा CSR के माध्यम से स्थापित मेडिकल रूम का विधानसभा अध्यक्ष एवं कोटद्वार विधायक ऋतु खण्डूडी भूषण ने विधिवत उद्घाटन किया। मेडिकल रूम में विद्यार्थियों के लिए प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूडी भूषण ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया तथा विद्यालय की व्यवस्थाओं एवं विद्यार्थियों से संबंधित आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ-साथ उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा का ध्यान रखना भी आवश्यक है। मेडिकल रूम की सुविधा से बच्चों को आवश्यकता पड़ने पर विद्यालय परिसर में ही तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत विधानसभा अध्यक्ष ने सभी बच्चों को तिरंगा वितरित किया और उन्हें राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान एवं देशभक्ति की भावना के साथ अभियान में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
साथ ही, केंद्रीय विद्यालय की नई भवन निर्माण को लेकर कुछ समय पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री से हुई मुलाकात के संबंध में भी क्षेत्रवासियों को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय किशनपुर की नई बिल्डिंग के निर्माण सहित विद्यालय की आवश्यकताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री से चर्चा की गई थी। इस दिशा में किए जा रहे प्रयासों एवं प्रगति से भी क्षेत्रवासियों को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय किशनपुर को बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
उन्होंने CSR के माध्यम से विद्यालय में मेडिकल रूम की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डॉ. लाल पैथोलॉजी लैब का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय की प्रधानाचार्या मनीषा मखीजा, अजय उनियाल, पार्षद जे.पी. बहुखंडी, राजीव डबराल, प्रमोद केष्टवाल, कमल नेगी, सुदर्शन नेगी, अनिल गौड़, राजू नेगी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।