जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जनपद में एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखने तथा अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग द्वारा व्यापक औचक निरीक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत गैस गोदामों, पेट्रोल पंपों एवं विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गयी।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि गुरुवार को जनपद में कुल 39 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 07 गैस गोदाम तथा 32 व्यावसायिक प्रतिष्ठान शामिल रहे। उन्होंने बताया कि धुमाकोट-नैनीडांडा क्षेत्र में 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां 02 घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध उपयोग पाए जाने पर 4600 का अर्थदंड लगाया गया।
कोटद्वार व पौड़ी क्षेत्र में 02-02 गैस गोदामों की जांच की गयी। सतपुली क्षेत्र में 01 गैस गोदाम व 12 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्र में 01 गैस गोदाम एवं 08 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा थलीसैंण क्षेत्र में 01 गैस गोदाम का निरीक्षण किया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पायी जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।