पौड़ी नगर के बहुप्रतीक्षित कंडोलिया इंडोर स्टेडियम के बैडमिंटन कोर्ट का शुभारंभ सोमवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस कोर्ट को खेलप्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को समर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर स्टेडियम की खेल गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ किया। दोनों ने खिलाड़ियों के साथ बैडमिंटन कोर्ट पर खेलकर उन्हें प्रोत्साहित किया तथा खेलों के प्रति सकारात्मक संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित खिलाड़ियों एवं दर्शकों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया। जिला खेल अधिकारी जयबीर रावत ने बताया कि जिलाधिकारी के सतत निरीक्षण एवं निर्देशन में स्टेडियम में वुडन फ्लोर मैटिंग, पॉलिशिंग, वॉल पेंटिंग, विद्युत व्यवस्था सहित विभिन्न सौंदर्यीकरण एवं मरम्मत कार्य कराए गए हैं। इससे खिलाड़ियों को अब बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण में अभ्यास और प्रतियोगिताओं की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ने जिलाधिकारी की सराहना करते हुए कहा कि पौड़ी नगर को नई पहचान देने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। जिला पुस्तकालय, जिला विज्ञान संग्रहालय सहित अनेक जनोपयोगी परियोजनाओं को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। उन्होंने कहा कि इंडोर स्टेडियम का सौंदर्यीकरण अत्यंत आकर्षक एवं उत्कृष्ट गुणवत्ता का है, जिसे लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्धारित समय में पूर्ण किया गया। उन्होंने नागरिकों एवं खिलाड़ियों से स्टेडियम के संरक्षण एवं रखरखाव में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि गत सप्ताह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा स्टेडियम का लोकार्पण किया गया था, जिसके बाद अब यह सुविधा खिलाड़ियों के उपयोग के लिए पूर्ण रूप से उपलब्ध हो गई है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्व में खिलाड़ियों को खेल अभ्यास के दौरान अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। निरीक्षण के दौरान इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक सुधार कार्य कराए गए। उन्होंने कहा कि स्टेडियम को उच्च मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, जो पौड़ी नगर के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा। उन्होंने बताया कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बैडमिंटन कोच की भी नियुक्ति की गई है, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को बचपन से ही आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान विधायक एवं जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि खिलाड़ियों को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। खिलाड़ियों ने भी स्टेडियम के नए स्वरूप पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपने अनुभव साझा किए।
संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों से स्टेडियम एवं खेल छात्रावास की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली तथा उनके सुझाव सुने। इस दौरान खिलाड़ियों ने फेदर शटल की उपलब्धता और खेल छात्रावास में भोजन व्यवस्था से संबंधित कुछ सुझाव रखे। इस पर जिलाधिकारी ने जिला खेल अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास की व्यवस्थाओं की समय-समय पर समीक्षा करने तथा खिलाड़ियों को निर्धारित मानकों के अनुसार भोजन उपलब्ध कराने को कहा। खिलाड़ियों के सुझाव एवं समस्याएं नियमित रूप से प्राप्त करने के लिए स्टेडियम परिसर में फीडबैक बॉक्स स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, डीएसटीओ राम सलोने, जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, परियोजना प्रबंधक ग्रामोत्थान कुलदीप बिष्ट सहित खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल विभाग के अधिकारियों एवं स्थानीय नागरिकों की बड़ी संख्या में सहभागिता रही। इंडोर स्टेडियम के शुभारंभ से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों में नए उत्साह का संचार हुआ है तथा इसे भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।