दूरस्थ रिखणीखाल तथा नैनीडांडा विकासखंडों की जनचौपालों में उठी शिकायतों पर विभागों की त्वरित कार्रवाई, शेष प्रकरणों पर भी समयबद्ध कार्यवाही जारी

 

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर दूरस्थ क्षेत्रों में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया द्वारा किए जा रहे लगातार भ्रमण, जनचौपालों और स्थलीय निरीक्षणों का सकारात्मक प्रभाव अब धरातल पर स्पष्ट दिखाई देने लगा है। ग्रामीणों द्वारा चौपालों में उठाई गई समस्याओं पर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों का समाधान कर आमजन को राहत पहुंचाई है। पेयजल, सड़क, जल निकासी और गैस जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर विभागों ने मौके पर कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि शेष मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण कराया जा रहा है।

 

शंकरपुर स्थित राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज में पेयजल कनेक्शन कटने से उत्पन्न समस्या पर जिलाधिकारी द्वारा स्वयं तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर दिए गए निर्देशों के बाद विद्यालय में पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी गई है। विभाग द्वारा व्यवस्था को स्थायी रूप से सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक मरम्मत कार्य भी कराया गया है। शंकरपुर क्षेत्र में शंकरपुर-गौला बखरोटी-कमेडा बसेड़ी मोटर मार्ग पर समलीकरण कार्य शुरू कर यातायात को सुगम बनाया जा रहा है। वहीं विद्युत व्यवस्था से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए बिजली के पोल एवं लाइन बदलने की कार्रवाई भी निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित की जा रही है।

 

मैंदणी क्षेत्र में वर्षों से क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति सुचारु कर दी गई है। हर घर नल-घर जल योजना से जुड़े लंबित कार्य पूरे कर कई परिवारों तक पेयजल पहुंचाया गया है। साथ ही रेवा पंपिंग योजना से बाधित जलापूर्ति भी बहाल कर दी गई है तथा नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए गए हैं।

 

संगलिया क्षेत्र में जनचौपाल में प्राप्त शिकायत के बाद जडाऊखांद में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नालियों एवं स्कपरों की सफाई करायी गयी है तथा कच्ची नाली निर्माण का कार्य भी पूरा किया गया है, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी व्यवस्था में सुधार हुआ है। वहीं नैनीडांडा क्षेत्र में जल निगम की सेवाओं को अधिक सुगम बनाने के लिए संबंधित अवर अभियंता को नियमित रूप से क्षेत्र में उपलब्ध रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मैंदणी एवं संगलिया क्षेत्र में ओपन जिम की मांग की गयी थी। इस पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार ओपन जिम की स्वीकृति की प्रक्रिया प्रगति पर है।

 

मुस्याखांद क्षेत्र में हर घर नल योजना के अधूरे कार्यों को पूरा कराया जा रहा है तथा थवाड़ा-चैवाड़ा पंपिंग योजना की जलापूर्ति सुचारु करने के लिए लीकेज दूर किए जा रहे हैं। साथ ही भौन क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर गैस सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित गैस एजेंसी को निर्धारित समयावधि में उपकार्यालय संचालित करने के निर्देश दिए गए थे। इंडियन ऑयल से प्राप्त आदेशों के क्रम में आगामी एक सप्ताह के भीतर उपकार्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि जनचौपाल केवल शिकायत दर्ज कराने का माध्यम नहीं, बल्कि उनके त्वरित समाधान का प्रभावी मंच हैं। प्रत्येक शिकायत की नियमित निगरानी की जा रही है तथा अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे स्वयं फील्ड में जाकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *