रक्षाबंधन के अवसर पर आज दिनांक 27.08.2026 को एम.के.पी.एस., बलूनी एवं नवयुग स्कूल, कोटद्वार की छात्राओं ने कोतवाली कोटद्वार पहुंचकर पुलिस कर्मियों को राखियां बांधते हुए उन्हें भाई-बहन के अटूट स्नेह, विश्वास एवं सुरक्षा के इस पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए आकर्षक ग्रीटिंग कार्ड, सुंदर पेंटिंग एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर पुलिस के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम एवं साइबर सेल कोटद्वार द्वारा छात्राओं के साथ संवादात्मक जागरूकता सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों, महिला सुरक्षा, गुड टच-बैड टच तथा बाल सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गईं। छात्राओं को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, अनजान लिंक एवं कॉल से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने बच्चों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा, सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए सदैव तत्पर है। पुलिस एवं छात्राओं के बीच हुए आत्मीय संवाद ने बच्चों के मन में पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत किया।