एडिप योजना में 31 और राष्ट्रीय वयोश्री योजना में 111 लाभार्थी चिह्नित, 18 दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी

 

 

दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज, सतपुली में विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग की ओर से एलिम्को के सहयोग से आयोजित शिविर में कुल 167 लोगों का पंजीकरण किया गया। इनमें से 142 लाभार्थियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया।

 

शिविर में 31 दिव्यांगजनों को एडिप योजना तथा 111 वरिष्ठ नागरिकों को राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए चिह्नित किया गया। लाभार्थियों की आवश्यकता के अनुसार परीक्षण के बाद पात्रता के आधार पर उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

 

शिविर में दिव्यांगजनों के दस्तावेज संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान 18 दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए, जबकि 30 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ने और उनका लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

 

उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को उनके क्षेत्र में ही परीक्षण, पंजीकरण और जरूरी दस्तावेजों से संबंधित सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने कहा कि शिविर में चिह्नित लाभार्थियों को नियमानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, ताकि वे योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।

 

इस अवसर पर द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, बीडीओ कल्जीखाल चंद्रप्रकाश बलूनी, द्वारीखाल जयकृत बिष्ट, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, अंकित सिंह रावत, अमरीश सैनी, एडीओ पंचायत अरुण रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *