जीजीआईसी पौड़ी के वार्षिकोत्सव में छात्राओं ने बिखेरी प्रतिभा की चमक

पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित वार्षिकोत्सव एवं पूर्व छात्रा सम्मेलन कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने अतिथियों का पारंपरिक अंदाज में जोरदार स्वागत किया। इस दौरान अतिथियों ने छात्राओं को सम्मानित भी किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोकनृत्य, समूह गीत एवं रंगारंग कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यालय की पूर्व छात्राएं भी शामिल हुईं, जिन्होंने अपने छात्र जीवन की यादें साझा की।

 

स्थानीय विधायक ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि जिन छात्राओं ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है, उन्हें निरंतर मेहनत कर अपनी उपलब्धि को बनाए रखना चाहिए, जबकि जिन छात्राओं का परिणाम अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा, उन्हें निराश हुए बिना और अधिक परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं।

 

नगरपालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी ने कहा कि राजकीय कन्या इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राएं शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को बेहतर अवसर और प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।

 

इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेय सयाना, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी, विद्यालय प्रधानाचार्य डॉ. सावित्री नेगी, खेल समन्वयक योगंबर नेगी, सभासद अरविंद रावत सहित शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *