एलपीजी गैस आपूर्ति व्यवस्था की जांच को प्रवर्तन टीमों का औचक निरीक्षण अभियान

जनपद में एलपीजी गैस की आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने तथा कालाबाजारी और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की प्रवर्तन टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संचालित गैस एजेंसियों, प्रतिष्ठानों, होटल-ढाबों तथा पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया गया।

 

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बुधवार को जनपद में कुल 65 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इनमें से कोटद्वार में 01 गैस गोदाम व 05 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, धुमाकोट/नैनीडांडा, चेलूसैंण व पाबौ क्षेत्र में 01-01 गैस गोदामों का, दुगड्डा में 01 गैस गोदाम व 09 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का, चाकीसैंण क्षेत्र में 08 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, कोट-खौलाचौरी क्षेत्र में 01 गैस गोदाम व 05 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में, लैंसडाउन क्षेत्र में 01 गैस गोदाम व 06 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों, नौगांवखाल/पोखड़ा क्षेत्र में 01 गैस गोदाम व 20 व्यवसायिक प्रतिष्ठानों तथा रिखणीखाल क्षेत्र में 01 गैस गोदाम और 03 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान संचालकों को स्टॉक एवं वितरण से जुड़े अभिलेखों को नियमित रूप से अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

 

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिए विभाग द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। सभी गैस एजेंसियों को उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने तथा अभिलेखों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कहीं भी अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थानों पर संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सहित विभागीय कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *