जनपद पौड़ी गढ़वाल सहित प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी एक दिसंबर को कोटद्वार में मेगा रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की ओर से जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह मेला डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित होगा। इसमें 40 से अधिक कंपनियां प्रतिभाग कर युवाओं को उनकी शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के अनुरूप रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी। मेले में केवल उत्तराखंड के युवा ही प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के निर्देशन में रोजगार मेले में विनिर्माण क्षेत्र, सिडकुल की औद्योगिक इकाइयों, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई), होटल एवं हॉस्पिटैलिटी, रिटेल, मॉल सहित विभिन्न निजी क्षेत्रों की कंपनियां शामिल होंगी। कंपनियों के प्रतिनिधि अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर अपनी आवश्यकतानुसार चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे। उन्होंने बताया कि हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक के साथ ही तकनीकी और गैर तकनीकी योग्यता रखने वाले युवा मेले में प्रतिभाग कर सकते हैं। रोजगार मेले के दौरान युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग सेमिनार भी आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेले में प्रतिभाग करने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। आगामी एक-दो दिनों में पंजीकरण लिंक, क्यूआर कोड और प्रतिभाग करने वाली कंपनियों का विवरण आधिकारिक रोजगार पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी www.rojgarprayag.uk.gov.in पर जाकर पंजीकरण एवं अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने साथ अपडेटेड बायोडाटा, शैक्षिक एवं तकनीकी योग्यता के प्रमाण-पत्र, पहचान पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।