शरदोत्सव में कहीं हुनर के रंग तो कहीं खेल का रोमांच, वार्ड-01 ने जीता फुटबॉल खिताब

 

 

 

नगर पालिका परिषद पौड़ी की ओर से आयोजित शरदोत्सव-2026 के तहत बुधवार को शहर में विभिन्न खेल एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। रंगोली, रस्साकशी, वाद-विवाद और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, कंडोलिया मैदान में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में वार्ड संख्या-01 की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए वार्ड संख्या-11 को 3-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

 

फुटबॉल का फाइनल मुकाबला वार्ड संख्या-01 और वार्ड संख्या-11 के बीच खेला गया। मुकाबले का शुभारंभ पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह नेगी ने फुटबॉल को किक मारकर किया। रोमांचक मुकाबले में वार्ड-01 की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए 3-1 से जीत दर्ज की। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हिमानी नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केसर सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार सहित सभासद एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।

 

शरदोत्सव के अंतर्गत डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में रस्साकशी प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें जूनियर एवं सीनियर वर्ग के बालक-बालिकाओं के साथ ही ओपन महिला एवं पुरुष वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के जूनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी ने प्रथम तथा बीआरएमएस स्कूल पौड़ी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। जूनियर बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल पौड़ी विजेता और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल उपविजेता रहा।

 

सीनियर बालक वर्ग में सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी ने केंद्रीय विद्यालय पौड़ी को पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं, सीनियर बालिका वर्ग में बीआरएमएस स्कूल पौड़ी ने हिल्स इंटरनेशनल स्कूल को हराकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। ओपन पुरुष वर्ग में बादशाह-11 की टीम विजेता तथा नरदेव-11 की टीम उपविजेता रही। ओपन महिला वर्ग में पराज इंस्टीट्यूट पौड़ी ने प्रथम और वार्ड संख्या-03 की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

 

शरदोत्सव के माध्यम से विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों को खेल, रचनात्मकता और बौद्धिक गतिविधियों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है। उत्सव के तहत आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थानीय लोगों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *