भैया दूज के पावन अवसर पर आस्था और जनसहभागिता का अनूठा दृश्य देखने को मिला, जब कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत करीब 12 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर दूधातोली पर्वत श्रृंखला के मध्य स्थित पौराणिक श्रृंग ऋषि आश्रम पहुंचे। ढाइज्यूली पट्टी के 11 से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों ने भी उनके साथ दुर्गम पहाड़ी रास्ते से पैदल पहुंचकर अपनी आस्था प्रकट की। करीब 6,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित आश्रम में मंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों और श्रद्धालुओं को आश्रम परिसर की स्वच्छता बनाए रखने की शपथ दिलाई तथा भंडारे का प्रसाद वितरित किया। यात्रा में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की बड़ी भागीदारी रही। डूंगरी, घुलेख, रिश्ती, मिजगांव, बगेली, रीखोली, ट्रपाली, कठ्यूड़, गडोली, कुठ और कुचौली सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण आश्रम पहुंचे।
श्रृंग ऋषि आश्रम के धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए कैबिनेट मंत्री ने इसे भव्य स्वरूप में विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी दो वर्षों में यहां भव्य मंदिर और धर्मशाला का निर्माण करने के साथ ही श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए वन विभाग सहित संबंधित विभागों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए जाएंगे। आश्रम तक पहुंचने वाले मार्ग और सड़क कनेक्टिविटी को भी बेहतर बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिल सके।
डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि दूधातोली की पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इसकी दिव्यता और आध्यात्मिक वातावरण को व्यवस्थित रूप से विकसित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आश्रम को धार्मिक पर्यटन सर्किट से जोड़कर विकसित किया जाएगा, जिससे देश-प्रदेश के श्रद्धालु इस पौराणिक स्थल तक पहुंच सकें और क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान यहां के पौराणिक मंदिरों, ऋषि-मुनियों की तपस्थलियों और प्राकृतिक सौंदर्य से है। ऐसे स्थलों का संरक्षण और विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देगा तथा ग्रामीणों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगा।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विजय रौथाण, पूर्व मंडल अध्यक्ष पैठाणी आनंद नेगी, वीरेंद्र रावत, ग्राम प्रधान उत्तम सिंह, नवीन गुसाईं, जिला सहकारी बैंक पौड़ी के अध्यक्ष पंकज रावत सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।