राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा में पौड़ी के आठ स्काउट-गाइड करेंगे प्रतिभाग, भोपालपानी में पांच दिवसीय प्रशिक्षण एवं परीक्षा 24 अक्टूबर से

 

 

भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की राष्ट्रपति पुरस्कार परीक्षा में जनपद पौड़ी गढ़वाल के आठ स्काउट-गाइड प्रतिभाग करेंगे। 24 अक्टूबर से भोपालपानी स्थित प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित होने वाली पांच दिवसीय परीक्षा में जनपद की पांच गाइड और दो स्काउट सहित कुल आठ प्रतिभागी अपनी दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।

 

जनपद की ओर से गाइड वर्ग में प्रियाशी, आकांक्षा, अनामिका रावत, अक्षरा, तानिया चौहान एवं महक काला तथा स्काउट वर्ग में शिवकुमार और कपिल प्रतिभाग करेंगे। जिला स्काउट-गाइड सचिव केसर सिंह असवाल ने बताया कि प्रतिभागी जिला स्तर से शकुंतला बुड़ाकोटी और रूपचंद लखेड़ा के साथ परीक्षा में शामिल होंगे।

 

उन्होंने बताया कि पांच दिवसीय परीक्षा एवं प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को ध्वज शिष्टाचार, प्रतिज्ञा, नियम, अनुमान लगाना, मैप रीडिंग, प्राथमिक चिकित्सा, पायनियरिंग, आपदा प्रबंधन, सामुदायिक विकास और मचान निर्माण सहित स्काउट-गाइड से जुड़े विभिन्न विषयों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। परीक्षा में इन विषयों की जानकारी और दक्षता का आकलन किया जाएगा। परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले प्रतिभागियों को नई दिल्ली में राष्ट्रपति के हाथों राष्ट्रपति पुरस्कार का प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा।

 

जनपद के इन प्रतिभागियों के चयन एवं परीक्षा में सहभागिता पर जिला स्काउट-गाइड के मुख्य आयुक्त अत्रेश सयाना, उपायुक्त अंशुल बिष्ट, प्रशिक्षण आयुक्त मनमोहन भट्ट सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की कामना की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *