श्रमिकों के पंजीकरण और नवीनीकरण के लिए बीरोंखाल में लगा शिविर

 

 

मंगलवार को श्रम विभाग की ओर से मंगलवार को विकासखंड बीरोंखाल के सभागार में श्रमिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने श्रमिकों और क्षेत्रीय जनता की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों ने प्रतिभाग किया।

 

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रमिक प्रदेश और देश के विकास की मजबूत कड़ी हैं। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य निर्माण कार्यों में श्रमिकों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है।

 

उन्होंने कहा कि श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए ब्लॉक स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पात्र श्रमिकों को पंजीकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध करायी जाय और विवाह अनुदान, शिक्षा, चिकित्सा, मातृत्व, औजार एवं दुर्घटना सहायता सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से दिलाया जाए।

 

उन्होंने सभी श्रमिकों से शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने, श्रम कार्ड का समय पर नवीनीकरण कराने और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग द्वारा जिला योजना के अंतर्गत 04 लाख रुपये की लागत से बडियान में मां भगवती मंदिर के स्थलीय विकास कार्य का शिलान्यास भी किया गया।

 

इस दौरान एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीडीओ सुदर्शन बुटोला, समाज कल्याण बोर्ड के सदस्य प्रेम सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शांति देवी, विधायक प्रतिनिधि दर्शन सिंह रिंगोड़ा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुयश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *