बलूनी पब्लिक स्कूल, तल्ला मोटाढाक में आज श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही उत्साह, उमंग एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के लिए कलश निर्माण गतिविधि, नृत्य प्रतियोगिता एवं दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप की मनमोहक झांकियां एवं नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। दही-हांडी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने टीम भावना, उत्साह एवं सहयोग का शानदार प्रदर्शन किया।
विद्यालय की निदेशक श्रीमती अभिलाषा भारद्वाज ने विद्यार्थियों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव नहीं, बल्कि उनके जीवन और शिक्षाओं को आत्मसात करने का अवसर भी है। भगवान श्रीकृष्ण हमें सत्य, कर्म, प्रेम, मित्रता, धैर्य और कठिन परिस्थितियों में भी सही मार्ग पर चलते रहने का संदेश देते हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अपने कर्तव्यों का ईमानदारी एवं निष्ठा से पालन करना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं टीम भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। पूरे विद्यालय परिसर में “जय श्रीकृष्ण” के जयघोष और कृष्ण भक्ति के रंग ने वातावरण को भक्तिमय एवं उत्सवमय बना दिया।