युवाओं और उद्यमियों के लिए सुनहरा अवसर: जिला उद्योग केन्द्र कोटद्वार में एआई टूल्स सहित तीन माह का निःशुल्क एडवांस डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण

 

डिजिटल युग में युवाओं, उद्यमियों एवं व्यवसायियों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ते हुए उन्हें स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार द्वारा तीन माह का निःशुल्क एडवांस डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित नवीनतम डिजिटल मार्केटिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे वे अपने उत्पादों एवं सेवाओं की प्रभावी ऑनलाइन ब्रांडिंग और विपणन कर सकेंगे।

 

जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मार्केटिंग, गूगल एड्स एवं मेटा एड्स का संचालन, कैनवा के माध्यम से प्रोफेशनल ग्राफिक डिज़ाइन तैयार करना, एआई टूल्स की सहायता से कंटेंट, वीडियो एवं प्रेजेंटेशन बनाना, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन, ईमेल मार्केटिंग, डिजिटल एनालिटिक्स तथा ऑनलाइन बिक्री बढ़ाने की आधुनिक रणनीतियों का विस्तृत एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

 

उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त, 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन के लिए 5 अगस्त, 2026 को साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए स्नातक अथवा बेसिक आईटी ज्ञान रखने वाले, सोशल मीडिया का सामान्य ज्ञान रखने वाले तथा डिजिटल मार्केटिंग सीखने के इच्छुक युवा एवं उद्यमी आवेदन कर सकते हैं।

 

कार्यक्रम के अंतर्गत केवल 25 अभ्यर्थियों का चयन मेरिट एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को पूर्णतः निःशुल्क आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे डिजिटल क्षेत्र में नए अवसरों का लाभ उठाने के साथ-साथ अपने व्यवसाय को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकेंगे।

 

महाप्रबंधक ने सभी पात्र युवाओं, स्टार्टअप उद्यमियों एवं व्यवसायियों से अपील की है कि सीमित सीटों को देखते हुए वे अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाएं और डिजिटल कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाएं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *