जनसेवा शिविरों से गांव-गांव तक पहुंच रही सरकार की योजनाएं, आमजन को मिल रहा त्वरित लाभ

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत विकासखंड पोखड़ा सभागार में शनिवार को बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया।

 

खंड विकास अधिकारी सूर्य प्रकाश शाह ने कहा कि जनसेवा शिविर शासन और आमजन के बीच की दूरी कम करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे तथा लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसेवा शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में ही विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

 

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 97 आवेदन एवं प्रकरण प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। कृषि एवं उद्यान विभाग ने 9 लाभार्थियों को पौध, उर्वरक एवं कृषि संबंधी सामग्री उपलब्ध कराई। ग्रामोत्थान परियोजना/एनआरएलएम के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों के 12 लाभार्थियों द्वारा 4,500 रुपये के उत्पादों का विक्रय किया गया। बाल विकास विभाग ने एक लाभार्थी को महालक्ष्मी किट प्रदान की।

 

स्वास्थ्य विभाग ने 42 तथा आयुष विभाग ने 20 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक औषधियों का वितरण किया। राजस्व विभाग ने 5 लोगों को कृषक प्रमाण पत्र एवं खतौनी की प्रतिलिपि उपलब्ध करायी। समाज कल्याण विभाग ने 6 लाभार्थियों के दिव्यांग, विधवा एवं वृद्धावस्था पेंशन संबंधी सत्यापन किए। वहीं आधार पंजीकरण केंद्र के माध्यम से 2 लोगों के आधार कार्ड अपडेट किए गए।

 

शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भी आमजन से संवाद कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

 

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजय गुसाईं, कनिष्ठ उप प्रमुख संजय जोशी, जिला पंचायत सदस्य बलवंत सिंह नेगी, ग्राम प्रधान पकड़ीगाड़ अरविंद सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्कर जोशी, सुपरवाइजर बाल विकास विभाग सुशीला रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *