वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद के विभिन्न शिक्षण संस्थानों, सरकारी एवं निजी प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ बनाए रखने तथा संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम के उद्देश्य से जनपद में फायर सर्विस टीमों द्वारा नियमित रूप से फायर ऑडिट एवं जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 15.07.2026 को फायर टीम पौड़ी द्वारा माउण्ट कार्मल स्कूल, पाबौं एवं सेंट जैम्स स्कूल, पौड़ी में तथा फायर यूनिट श्रीनगर द्वारा गुरुराम राय पब्लिक स्कूल, श्रीनगर में विस्तृत फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में अग्निशमन यंत्रों, फायर सेफ्टी उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य अग्नि सुरक्षा मानकों का परीक्षण करने के साथ ही आवश्यक सुधारात्मक बिंदु चिन्हित किए गए, जिनके संबंध में विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कमियों को शीघ्र दूर करने हेतु निर्देशित किया गया। विद्यालय में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों को सदैव कार्यशील स्थिति में रखने तथा उनकी समय-समय पर सर्विसिंग एवं रखरखाव कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
फायर सर्विस टीम द्वारा विद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया, आपदा के समय घबराने के बजाय संयम बनाए रखने तथा प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अग्निशमन यंत्रों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन (Demonstration) कर उपस्थित सभी को प्रशिक्षण भी दिया गया।