श्रीमान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के निर्देशों के क्रम में थानाध्यक्ष धुमाकोट एवं थाना कालागढ़ में थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस पुलिस-जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, वरिष्ठ जनों, सीएलजी सदस्यों, ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, गणमान्य व्यक्तियों एवं अन्य स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया।
थाना दिवस के दौरान पुलिस टीम द्वारा उपस्थित नागरिकों से क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं, सुझावों एवं स्थानीय परिस्थितियों के संबंध में संवाद किया गया। जनसुनवाई के माध्यम से आमजन द्वारा प्रस्तुत विभिन्न शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधों की रोकथाम एवं बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। साथ ही नवीन आपराधिक कानूनों—भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA), जीरो एफआईआर, ई-एफआईआर तथा अन्य जनहितकारी पुलिस सेवाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
इसके अतिरिक्त क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, महिला सुरक्षा, जनसुरक्षा तथा सामुदायिक पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर नागरिकों से सुझाव प्राप्त किए गए। पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, साइबर अपराध अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं, जिससे सुरक्षित एवं अपराधमुक्त समाज के निर्माण में पुलिस और जनता की साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।