जनपद टिहरी गढ़वाल: तोता घाटी के पास अनियंत्रित होकर नदी में गिरा वाहन, SDRF ने गहरी खाई में उतरकर किया सफल रेस्क्यू

आज दिनांक 28 अप्रैल, 2026 को जनपद टिहरी के तोता घाटी क्षेत्र में एक कार दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गई। SDRF की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अत्यंत दुर्गम परिस्थितियों में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर वाहन में सवार दो व्यक्तियों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुँचाया।

 

आज सुबह लगभग 06:27 बजे जिला नियंत्रण कक्ष टिहरी के माध्यम से SDRF को सूचना प्राप्त हुई कि महादेव चट्टी के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। सूचना मिलते ही पोस्ट व्यासी से उप निरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

 

टीम द्वारा घटनास्थल पर पहुँचने के बाद पाया गया कि एक वाहन (संख्या DL 11 CD 3154 ) अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग से लगभग 350 मीटर गहरी खाई में गिरकर सीधे नदी के किनारे पहुँच गया था। SDRF की टीम ने बिना समय गँवाए गहरी खाई में उतरकर वाहन तक पहुँच बनाई।

 

वाहन में दिल्ली निवासी एक युवक व युवती सवार थे। टीम ने सबसे पहले घायल युवक तक पहुँच बनाई और उन्हें प्राथमिक उपचार देते हुए मुख्य मार्ग तक पहुँचाने की प्रक्रिया शुरू की। नदी का किनारा होने के कारण, घायल युवक को राफ्ट के माध्यम से सुरक्षित कोडियाला ले जाया गया। जहां से 108 एम्बुलेंस की सहायता से उपचार हेतु अस्पताल भेज दिया गया। टीम द्वारा दुर्घटना में लापता युवती की तलाश हेतु सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सघन सर्चिंग के दौरान टीम द्वारा उक्त युवती को सकुशल बरामद किया गया। टीम द्वारा दोनों घायलों को सकुशल निकालकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से हायर सेंटर हेतु भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *