रमजान माह एवं होली पर्व पर कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन ने सम्भ्रांत नागरिकों के साथ की समन्वय बैठक

वर्तमान में चल रहे रमजान माह एवं आगामी होली पर्व के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में ‘पीस कमेटी’ की बैठक जिसमें सभी धर्मों के संभ्रांत नागरिकों, व्यापार मंडल एवं पदाधिकारियों आदि के साथ आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया है, इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर श्री अनुज कुमार द्वारा कोतवाली श्रीनगर में बैठक कर जनसंवाद स्थापित किया गया, साथ ही जनपद के विभिन्न थानों—रिखणीखाल, लैंसडाउन,सतपुली एवं पैठाणी—में संबंधित थाना प्रभारियों द्वारा स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर त्यौहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्द भावना के साथ मनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए गए।

बैठक के दौरान सभी गणमान्य नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की गई कि रमजान एवं होली का पर्व आपसी प्रेम, सम्मान, हर्षोल्लास एवं सामाजिक समरसता का प्रतीक है, अतः इसे मर्यादित एवं सभ्य तरीके से मनाया जाए। किसी भी प्रकार की जबरन रंग लगाने, हुड़दंग, अभद्र व्यवहार, नशे की स्थिति में वाहन संचालन अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी गतिविधियों से पूर्णतः बचने का आग्रह किया गया।

साथ ही स्पष्ट किया गया कि होली पर्व के दौरान हर्षोल्लास की आड़ में माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी तथा ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। होली पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सतत गश्त एवं सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा करते हुए संदेश दिया कि होली आपसी सौहार्द, एकता और सद्भाव का पर्व है—इसे प्रेम, संयम और जिम्मेदारी के साथ मनाकर समाज में सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *