पौड़ी पुलिस के सघन सत्यापन अभियान में हत्या के मामले का अभियुक्त चढ़ा पुलिस के हत्थे

पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित सत्यापन हेतु “ऑपरेशन क्रैकडाउन” अभियान को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार के कुशल निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा गंभीरता से लिया जा रहा है जिसके तहत अभियान को प्रभावी बनाने हेतु जनपद में कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है।

 

इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मणझूला श्री सूर्यभूषण नेगी के पर्यवेक्षण तथा वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री प्रकाश पोखरियाल के नेतृत्व में थाना लक्ष्मणझूला पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया जा रहा था। सत्यापन के दौरान पुलिस टीम द्वारा एक संदिग्ध बाबा से पूछताछ की गई, किन्तु वह अपने संबंध में कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे पा रहा था तथा उसके हाव-भाव भी संदिग्ध प्रतीत हो रहे थे। जिस पर पुलिस टीम द्वारा उसे आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन के लिए थाना लाया गया। जहां गहन पूछताछ करने पर व्यक्ति ने अपना नाम जयवीर खत्री निवासी- चमोली बताया, व्यक्ति के विषय में और पूछताछ एवं विस्तृत सत्यापन के दौरान यह महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि उक्त व्यक्ति आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा उसके विरुद्ध थाना थराली, जनपद चमोली में मु0अ0सं0 02/2020, धारा- 302/201/120B भादवि (हत्या से संबंधित प्रकरण) अभियोग पंजीकृत है जिसमें वह 2020 में जेल जा चुका है व कुछ समय जेल में रहने के पश्चात जमानत पर छूटने के बाद यह व्यक्ति कई समय से अपने घर से गायब है। पुख्ता जानकारी के पश्चात थाना लक्ष्मणझूला पुलिस द्वारा तत्काल संबंधित थाना को सूचित कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।

 

जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन क्रैकडाउन सत्यापन अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमों द्वारा लगातार बाहरी व्यक्तियों, संदिग्ध गतिविधियों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का सत्यापन, निगरानी एवं चेकिंग की जा रही है। इस अभियान के माध्यम से न केवल संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान हो रही है, बल्कि संभावित आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत थाना लक्ष्मणझूला पुलिस टीम की सतर्कता से एक ऐसे व्यक्ति को चिन्हित किया गया, जिसके विरुद्ध हत्या जैसे गंभीर अपराध में गैर जनपद में मुकदमा पंजीकृत होना सामने आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *