राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर दिनांक 23 मार्च से 25 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले “जन-जन की सरकार – 4 साल बेमिसाल” थीम आधारित कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक ली।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करें, ताकि कार्यक्रमों का सफल एवं प्रभावी संचालन सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य राज्य सरकार द्वारा विगत चार वर्षों में किए गए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करना है।
उन्होंने निर्देशित किया कि जनपद मुख्यालय स्थित राजकीय प्रेक्षागृह में 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, इसके अलावा सभी खंड विकास अधिकारी अपने-अपने विकास खंड कार्यालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करेंगे।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएं, जहां एक ही स्थान पर आमजन को योजनाओं की जानकारी एवं लाभ उपलब्ध कराया जा सके। इसके लिए अधिक से अधिक विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत जनपद में चिकित्सा शिविर, रक्तदान शिविर, दिव्यांगजनों हेतु कैम्प एवं उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे।
इसके अलावा जनपद मुख्यालय पर मैराथन एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिससे युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। 23 मार्च को मुख्य कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें उत्तराखण्ड की लोक परंपराओं, लोक नृत्य, लोक गायन एवं लोक कला की प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार क्षेत्रीय कर्मचारियों के माध्यम से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग कर विभागीय योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर सहित अन्य अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में उपस्थित रहे।