जनता मिलन में 12 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर निस्तारण

सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 12 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

 

जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी ने पूर्व में प्राप्त शिकायतों के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज प्रकरणों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता मिलन कार्यक्रम एवं सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

 

कार्यक्रम के दौरान खिर्सू क्षेत्र के निवासी महादेव प्रसाद बहुगुणा एवं रुकम सिंह रावत ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर प्लांटों से उत्पन्न विद्युत के भुगतान में यूपीसीएल द्वारा विलंब किया जा रहा है। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड श्रीनगर से दूरभाष पर वार्ता कर प्रकरण का तत्काल समाधान सुनिश्चित कराया।

 

इसी प्रकार, श्रीनगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-40 से पार्षद संदीप सिंह रावत ने गैस आपूर्ति में कमी की समस्या उठायी, जिस पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी उपभोक्ताओं को नियमानुसार पर्याप्त गैस आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। एकेश्वर क्षेत्र के मटियालना निवासी विरेन्द्र बिडालिया ने वर्षा के दौरान उनके आवासीय भवन के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त होने एवं भवन में दरारें आने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने उपजिलाधिकारी चौबट्टाखाल को स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का आकलन करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

 

चरधार क्षेत्र के ग्राम केसुन्दर निवासी राहुल देव ने जिला पंचायत द्वारा निर्मित सड़क का मलबा उनके आवासीय भवन के समीप डाले जाने की शिकायत की। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अपर मुख्य अधिकारी को तीन दिवस के भीतर मलबा हटाने को कहा।

 

ग्राम प्रधान रछुली नीलम देवी ने मांग पत्र प्रस्तुत करते हुए जंगली जानवरों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाए जाने की समस्या उठाई। इस पर मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि संबंधित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, ताकि कृषकों को राहत मिल सके। इसके अलावा अन्य शिकायतों पर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 

जनता मिलन कार्यक्रम में जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा, अधिशासी अभियंता एनएच श्रीनगर राजबीर चौहान, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला शिक्षाधिकारी माध्यमिक रणजीत सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *