कोटद्वार में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, उत्तराखंड प्रांत का वार्षिक अधिवेशन आयोजित

 

 

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, उत्तराखंड प्रांत का वार्षिक अधिवेशन कोटद्वार स्थित कल्पनानगरी, जिला पौड़ी गढ़वाल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष उत्तराखंड एवं विधायक कोटद्वार ऋतु खण्डूडी भूषण ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूडी भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके उपरांत उन्होंने मेजर जनरल भुवन चंद्र खण्डूडी एवं संस्था के पूर्व अध्यक्ष कमांडर जैसवाल के चित्र के समक्ष श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने देश सेवा में अपना जीवन समर्पित करने वाले वीर सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों को नमन किया।

 

इस अवसर पर पूर्व सैनिकों के कल्याण, उनकी समस्याओं, अधिकारों तथा उनके परिवारों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि पूर्व सैनिकों का अनुशासन, अनुभव और राष्ट्र सेवा की भावना समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

 

मुख्य अतिथि ऋतु खण्डूडी भूषण ने कहा कि भारतीय सेना के वीर जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। पूर्व सैनिक हमारे लिए गौरव और प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के सम्मान और हितों के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

 

अधिवेशन में संगठन की आगामी कार्ययोजना, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान, सदस्यों के बीच बेहतर समन्वय तथा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने को लेकर भी चर्चा की गई।

 

इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मेजर जनरल (डॉ.) आर. के. गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष मेजर जनरल गुलाब सिंह रावत, मेजर मलवीर सिंह रावत, जिला अध्यक्ष सूबेदार कुलदीप सिंह रावत, ग्रुप कैप्टन हुसवंत सिंह, विंग कमांडर डी. ओबराय, सूबेदार सतीश जोशी, कैप्टन डी. धुलिया, लेफ्टिनेंट कर्नल राजेश देवरानी, समर कमांडर रेवानी, नायक गोपाल कृष्ण, सूबेदार गोपाल दत्त जरमोला एवं राजेश बड़थवाल सहित परिषद के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *