उत्तराखण्ड के नैनीताल जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। जिले के अयारपाटा क्षेत्र के एक होटल में महिला पर्यटक का बाथरूम में नहाते समय वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुचीं और पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपी होटल कर्मचारी को कोतवाली ले आयी।
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दिल्ली का पर्यटक परिवार सहित नैनीताल आया हुआ था। सोमवार सुबह जब पर्यटक महिला नहा रही थी, तो इसी दौरान वेंटीलेशन स्पेस से होटल का कर्मचारी मोबाइल से महिला की अश्लील वीडियो बनाने लगा। महिला ने जब कर्मचारी को उसकी अश्लील वीडियो बनता देखा तो उसने शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनकर पति और बाकी होटल कर्मीचारी कमरे में पहुंचे तो वीडियो बना रहा आरोपी कर्मचारी वहां से भाग गया। जिसके बाद तुरंत महिला के पति ने इसकी सूचना 112 पर कॉल कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एक रूम सर्विस वाले कर्मचारी को पूछताछ के लिए कोतवाली ले आई। पीड़ित महिला ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सीओ नितिन लोहनी ने बताया कि, आरोपी कर्मचारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि होटल के सर्वेंट क्वाटर और महिला का बुक किया गया कमरा दोनों आसपास हैं। वहीं, पुलिस ने आरोपित होटल कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया है और उसका मोबाइल खंगाला जा रहा है।